रांची में बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम, हथियार और घातक सामान के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, हथियारों के साथ तीन अपराधी दबोचे गए

Johar News Times
2 Min Read

राजधानी रांची में एक संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस समेत कई घातक सामान बरामद किए गए हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी रोड नंबर-7 के समीप स्वर्णरेखा नदी क्षेत्र में निगरानी के दौरान एक नीले रंग की स्विफ्ट कार को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, राकेश रंजन उर्फ गुड्डु और रोहित महली को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान सुमित मिंज के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा वाहन से दो टांगी, एक लोहे का बेसबॉल स्टिक, एक लकड़ी का बेसबॉल स्टिक, पांच मोबाइल फोन, एक टैबलेट तथा स्विफ्ट कार जब्त की गई।

इस संबंध में जगन्नाथपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और वारदात के संभावित मकसद की गहन जांच की जा रही है।

Share This Article