बंगाल में भाजपा की जीत के बाद झारग्राम पहुंचे चंपाई सोरेन, समर्थकों ने किया जोरदार अभिनंदन

बंगाल में भाजपा की जीत के बाद झारग्राम पहुंचे चंपाई सोरेन, समर्थकों ने किया जोरदार अभिनंदन

Johar News Times
3 Min Read

झारग्राम : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन झारग्राम जिले के बिनपुर पहुंचे, जहां आदिवासी समाज के हजारों लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। वे भारत जकात मांझी परगना महाल द्वारा आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

बिनपुर पहुंचने पर नवनिर्वाचित भाजपा विधायक डॉ. प्रणत टुडू और मांझी परगना महाल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंपाई सोरेन ने आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पहचान की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस चुनाव में भाजपा को व्यापक समर्थन देकर बदलाव का संदेश दिया है। चंपाई सोरेन ने जंगलमहल क्षेत्र की 40 में से 38 सीटों और राज्य की सभी 16 अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षित सीटों पर भाजपा को मिली सफलता के लिए मतदाताओं का आभार जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज से अपने इतिहास और महापुरुषों की विरासत को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वीर सिदो-कान्हू, बाबा तिलका मांझी, वीरांगना फूलो-झानो जैसे महान नायकों के संघर्ष और योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराना जरूरी है। चंपाई सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने सीमा सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर बिनपुर के विधायक डॉ. प्रणत टुडू ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में चंपाई सोरेन की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनका अनुभव और मार्गदर्शन आदिवासी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनकी सोच के अनुरूप समाज और संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करना समय की आवश्यकता है। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान चंपाई सोरेन को आदिवासी बहुल जंगलमहल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भाजपा की जीत के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हुए।

Share This Article