चतरा बक्शा डैम में गोवंश के तीन कटे सिर मिलने से सनसनी, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

चतरा बक्शा डैम में गोवंश के तीन कटे सिर मिलने से सनसनी, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Johar News Times
2 Min Read

चतरा: इटखोरी थाना क्षेत्र के बक्शा डैम से गोवंश के तीन कटे हुए सिर मिलने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगवां चौक के पास इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने क्षेत्र का माहौल खराब करने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने पर इटखोरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बरामद तीनों सिरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना से नाराज ग्रामीण वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान मुख्य मार्ग पर जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। बाद में डीएसपी सुनील कुमार सिंह के मौके पर पहुंचकर शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान के लिए छानबीन जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Share This Article