जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के कुंजनगर स्थित अंबेडकर पथ (धोबी लाइन) में शनिवार रात एक मकान की चौथी मंजिल पर भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। हालांकि समय रहते घर के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, आग संतोष कुमार के मकान के चौथे तल पर बने एक कमरे में रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच लगी। परिजनों का अनुमान है कि पूजा-अर्चना के दौरान जलाए गए दीपक की लौ से आसपास रखे सामान में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आग सबसे पहले फ्रिज में लगी थी, जिसके बाद वह तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को सतर्क किया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाटा स्टील दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आगजनी में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
