राजनगर में भीषण सड़क हादसा: हाइवा और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक की मौत, ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से निकाला गया शव

हाइवा और ट्रेलर में भीषण भिड़ंत, राजनगर में दर्दनाक हादसा।

Johar News Times
3 Min Read

हाता-चाईबासा मुख्य मार्गपर स्थित रोला-खैरबनी के समीप शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार हाइवा और ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह पिचक गया।

दुर्घटना के बाद करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद गैस कटर से केबिन को काटकर शव को बाहर निकाला। मृतक चालक की पहचान बिहार के जमुई (कुमार गांव) निवासी दिनेश राम (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

धमाके की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण, NH पर लगा लंबा जाम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाइवा (JH 05 EA 1517) चाईबासा से हाता की ओर काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान रोला-खैरबनी के पास विपरीत दिशा की ओर जा रहे ट्रक (CG 04 PC 1604) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों गाड़ियों के टकराने की आवाज इतनी भयानक थी कि आस-पास के गांवों तक इसकी गूंज सुनाई दी।

आवाज सुनते ही रोला और खैरबनी गांव के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-220 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटाकर किनारे कराया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।

ट्रक चालक सुरक्षित, गम्हरिया लौट रहा था हाइवा

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए क्षतिग्रस्त ट्रक के चालक गुलाब महतो को बाहर निकाला। उसे मामूली चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घायल ट्रक चालक ने खुद को रामगढ़ के गोला प्रखंड का निवासी बताया है।

रूंगटा प्लांट से लौट रही थी गाड़ी: हादसे की सूचना पाकर ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव की पहचान की। मैनेजर ने बताया कि चालक दिनेश राम चाईबासा स्थित रूंगटा प्लांट में कोयला खाली करने के बाद वाहन लेकर वापस गम्हरिया लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में यह काल बनकर आई दुर्घटना हो गई।

पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को पैतृक गांव ले जाया गया।

Share This Article