भारत दौरे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी; अक्षरधाम की वास्तुकला को बताया ‘अविश्वसनीय’, पति संघ पहुंचीं ताजमहल

टिफनी ट्रंप ने सोशल मीडिया पर की अक्षरधाम की तारीफ, 'ताज' का दीदार करने के बाद जैसलमेर जाने की तैयारी।

Johar News Times
2 Min Read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप इन दिनों भारत के निजी दौरे पर हैं। अपनी इस भारत यात्रा के दौरान वे देश की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का दीदार कर रही हैं। शुक्रवार को टिफनी ट्रंप ने अपने पति माइकल बुलोस और कुछ करीबी दोस्तों के साथ नई दिल्ली स्थित विश्व प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर का दर्शन किया।

अक्षरधाम की भव्यता देख अभिभूत हुईं टिफनी ट्रंप मंदिर दर्शन के बाद टिफनी ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपने इस शानदार अनुभव को साझा किया। उन्होंने अक्षरधाम मंदिर की भव्यता, अद्भुत नक्काशी और बेजोड़ स्थापत्य कला की जमकर सराहना करते हुए इसे एक “अविश्वसनीय अनुभव” बताया। अक्षरधाम मंदिर प्रशासन ने भी इस यात्रा की पुष्टि करते हुए इसे “संस्कृति और विरासत की सुंदर यात्रा” कहा और सोशल मीडिया पर लिखा कि टिफनी ट्रंप, माइकल बुलोस और उनके मित्रों की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात रही।

अक्षरधाम के बाद दीदार-ए-ताज, जैसलमेर जाने की भी योजना दिल्ली का दौरा पूरा करने के बाद टिफनी ट्रंप अपने पति के साथ मोहब्बत की निशानी ‘ताजमहल’ का दीदार करने आगरा पहुंचीं। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, चूंकि यह पूरी तरह से एक निजी और पारिवारिक दौरा है, इसलिए इसमें कोई कूटनीतिक या आधिकारिक कार्यक्रम शामिल नहीं किया गया है। टिफनी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने कड़े और विशेष इंतजाम किए हैं, हालांकि आम पर्यटकों के लिए स्मारक को खुला रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, आगरा के बाद यह वीआईपी दंपति राजस्थान के रेतीले और ऐतिहासिक शहर जैसलमेर का रुख कर सकता है।

आपको बता दें कि टिफनी ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी व अभिनेत्री मार्ला मेपल्स की बेटी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में प्रसिद्ध बिजनेस एक्जीक्यूटिव माइकल बुलोस से शादी की थी।

Share This Article