आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : छत्तीसगढ़ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले के वनांचल क्षेत्र पानाबरस में आदिम आस्था स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं जनजातीय संस्कृति सुरक्षा अभियान के तहत महासभा का आयोजन किया गया।

Johar News Times
2 Min Read

मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले के वनांचल क्षेत्र पानाबरस में आदिम आस्था स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं जनजातीय संस्कृति सुरक्षा अभियान के तहत महासभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री विजय शर्मा और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे शामिल हुए। इस दौरान जिले भर से बड़ी संख्या में मांझी, गायता, ग्राम पटेल, ग्राम प्रमुख एवं अन्य समाज प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत भी पारंपरिक ढंग से किया गया, जिसमें आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिली। सभा में जनजातीय समाज की परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों से जुड़े आस्था स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विस्तृत चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज प्रमुखों के साथ संवाद करते हुए कहा कि आदिवासी संस्कृति, परंपराएं और देवस्थल राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित देवगुड़ियों और आस्था स्थलों का चिन्हांकन कर वहां पेयजल, पहुंच मार्ग, बैठने की व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रह सकें। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है और युवाओं को अपनी भाषा, रीति-रिवाज और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है।

सांसद संतोष पांडे ने भी कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और आस्था स्थलों का संरक्षण समाज की अस्मिता से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। कार्यक्रम में मौजूद समाज प्रमुखों ने सरकार के इस प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article