झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा क्षेत्र में बुधवार तड़के आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़कर हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर गिर गए, जिससे सड़क पर घंटों तक यातायात बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटवाया और लंबे समय से बाधित आवागमन को फिर से बहाल कराया। आंधी-तूफान का असर सिर्फ यातायात तक सीमित नहीं रहा। कई घरों और दुकानों के छप्पर उड़ जाने से स्थानीय लोगों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। अचानक आए इस मौसमीय बदलाव से कुछ समय के लिए जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
