सीमित संसाधनों में अनुपम लाहा ने रचा इतिहास, JAC इंटर साइंस में बने जिला टॉपर

सीमित संसाधनों में अनुपम लाहा ने रचा इतिहास, JAC इंटर साइंस में बने जिला टॉपर

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड स्थित ईचाडीह गांव के छात्र अनुपम लाहा ने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) इंटरमीडिएट विज्ञान परीक्षा में 459 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। आर्थिक अभाव और सीमित संसाधनों के बावजूद मिली इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अनुपम की इस उपलब्धि पर ‘जनसेवा ही लक्ष्य’ संस्था के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो बुधवार को उनके घर पहुंचे। उन्होंने छात्र को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इस दौरान हरे लाल महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और सहयोग की होती है।

उन्होंने कहा कि अनुपम ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो पूरे जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने समाज से भी मेधावी छात्रों को आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।

अनुपम के पिता गांव में एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद अनुपम ने हार नहीं मानी और नियमित 8 से 10 घंटे पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की। अनुपम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उसने बताया कि उसका सपना इंजीनियर बनकर गांव और राज्य का नाम रोशन करना है।

हरे लाल महतो ने भरोसा दिलाया कि अनुपम की आगे की उच्च शिक्षा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई में भी संस्था हरसंभव मदद करेगी। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक और ग्रामीणों ने अनुपम को शुभकामनाएं दीं।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article