सबीना खातून की मौके पर मौत, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक 28 वर्षीय युवती ने पुलिया से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हादसा इतना गंभीर था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अचानक पुलिया पर पहुंची और नीचे कूद गई। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान सबीना खातून के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम मोहम्मद रज्जाक बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवती नशे की आदी थी, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
