NH-33 टाटा-रांची मुख्य राज्य मार्ग से हुमीद ग्राम तक बनने वाली 1.47 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास भाजपा नेत्री सारथी महतो एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया।
ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार सड़क निर्माण कार्य की एग्रीमेंट वैल्यू 84 लाख 16 हजार रुपये है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद हुमीद गांव के लोगों को NH-33 से सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के 79 साल बाद भी गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंची थी। बरसात के दिनों में कीचड़ और खराब रास्तों के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। मरीजों को अस्पताल पहुंचाना और बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो जाता था।
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय पर पूरा किया जाएगा। वहीं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हर गांव को बारहमासी सड़क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
