धनबाद में व्यवसायी के घर बम फेंकने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

धनबाद में व्यवसायी के घर बम फेंकने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के धनबाद जिले में एक बार फिर अपराधियों की बेखौफ हरकत ने दहशत फैला दी है। सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट के पास स्थित गुरु कृपा के सामने रहने वाले व्यवसायी रितेश अग्रवाल के घर पर अज्ञात अपराधियों द्वारा बम फेंके जाने की घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात लोगों ने व्यवसायी रितेश अग्रवाल के घर पर दो बम फेंके, जो सौभाग्य से फटे नहीं। यह आवास उसी परिसर में स्थित है जहां होंडा शोरूम और कचर रेसिंग सेंटर भी मौजूद हैं। रितेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं, जबकि उनके पिता का नाम सुरेंद्र अग्रवाल बताया गया है।

सुबह जब लोगों की नजर घर के बाहर पड़े संदिग्ध बमों पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी सूचना दिए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हमला किस उद्देश्य से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article