जमशेदपुर में तेल को लेकर ‘हाहाकार’, पेट्रोल पंपों पर सुबह से लंबी कतारें

जमशेदपुर में तेल को लेकर ‘हाहाकार’, पेट्रोल पंपों पर सुबह से लंबी कतारें

Johar News Times
3 Min Read

जमशेदपुर में ईंधन संकट की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह 5 बजे से ही अपनी गाड़ियों के साथ लाइन में लग जा रहे हैं। कदमा, मानगो, बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी, सिदगोड़ा और बारीडीह समेत शहर के कई इलाकों में पेट्रोल पंपों के बाहर भारी भीड़ उमड़ रही है।कदमा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप सहित कई प्रमुख केंद्रों पर भीड़ इतनी बढ़ गई है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। कई जगहों पर वाहनों की लंबी लाइनें मुख्य सड़क तक पहुंच गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

शहर के कई इलाकों में बिगड़े हालात

बिष्टुपुर और साकची जैसे व्यावसायिक इलाकों में ट्रैफिक का दबाव सबसे अधिक देखा जा रहा है। पेट्रोल पंपों के बाहर लगी लंबी कतारों के कारण मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई है। मानगो पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप पर भी भारी भीड़ के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। वहीं गोलमुरी, सिदगोड़ा और बारीडीह के कई पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लगने शुरू हो गए हैं। इससे लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ रही हैं।

पैनिक बाइंग से और बिगड़ी स्थिति

ईंधन सप्लाई बाधित होने और संभावित अनिश्चितकालीन संकट की अफवाहों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ डब्बों और बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल भरने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, कई पंप संचालकों ने सुरक्षा कारणों से डब्बों में तेल देने से इनकार कर दिया है, जिसके चलते कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति भी सामने आई है। जिला प्रशासन लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील कर रहा है। बावजूद इसके पैनिक बाइंग थम नहीं रही है, जिससे कृत्रिम किल्लत और बढ़ती जा रही है। पंप संचालकों का कहना है कि तेल की उपलब्धता पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है, लेकिन जरूरत से ज्यादा खरीदारी और अफवाहों के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article