गढ़वा में पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त, फरार वारंटी ने चलते बोलेरो का मोड़ा स्टेयरिंग; कई जवान घायल

गढ़वा में पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त, फरार वारंटी ने चलते बोलेरो का मोड़ा स्टेयरिंग; कई जवान घायल

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा: गढ़वा जिले के खरौंधी-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पुलिस टीम फरार वारंटी को गिरफ्तार कर थाना लौट रही थी। दुर्घटना में कई पुलिस जवान और पदाधिकारी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, खरौंधी थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगांवा गांव से फरार वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार कर थाना ला रही थी। थाना के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक पुलिस बोलेरो का स्टेयरिंग विपरीत दिशा में मोड़ दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सब-इंस्पेक्टर सिल्वेस्टर को दांत से काटकर घायल कर दिया। हालांकि घायल अवस्था में भी पुलिस जवानों ने आरोपी को पकड़कर रखा।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों तथा आरोपी को बाहर निकाला गया। घायल चालक जोसी पासवान और एक हवलदार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर भेजा गया। बाद में ग्रामीणों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को भी गड्ढे से बाहर निकाला गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article