पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लातार्सिका गांव में अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान टीम ने अवैध रूप से संचालित पांच महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, पाइप, भट्ठी उपकरण और अन्य सामग्री को जब्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा करीब 4000 लीटर जावा महुआ को भी विनष्ट किया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की बड़ी खेप को रोका जा सका।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन का मानना है कि अवैध शराब न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। इसी को देखते हुए जिले में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
