सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पातकुम पंचायत के ईचागढ़ गांव में ग्रामीणों की सतर्कता से कथित मवेशी चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार देर रात एक काले रंग की स्कॉर्पियो गांव में संदिग्ध परिस्थिति में कई बार घूमती देखी गई। वाहन की गतिविधियों पर शक होने के बाद ग्रामीण सतर्क हो गए और निगरानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि देर रात वाहन से चार युवक उतरकर गांव के एक घर के पास पहुंचे और कथित रूप से मवेशी चोरी का प्रयास करने लगे।
ग्रामीणों की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने लगे। पीछा किए जाने पर सभी युवक गांव के पास स्थित नदी की ओर भागे और उसमें कूद गए। ग्रामीणों ने पूरी रात इलाके में निगरानी जारी रखी। सोमवार सुबह एक युवक नदी से बाहर निकलकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने खुद को कपाली टीओपी क्षेत्र का निवासी बताया और अन्य साथियों के फरार होने की जानकारी दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल ईचागढ़ थाना पुलिस को सूचना देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित सख्ती और तत्परता नहीं दिखाई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में पहले से ही चिंता बनी हुई है। कुछ दिन पहले चांडिल बांध मठिया क्षेत्र से भी गाय चोरी होने की घटना सामने आई थी। ऐसे में लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








