पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने पेट्रोल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर मंगलवार को चाईबासा शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संदीप अनुराग टोपनो, एसडीपीओ बहामन टूटी और अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने पेट्रोल पंप संचालकों से उपलब्ध स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि आम लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और ईंधन का वितरण व्यवस्थित तरीके से किया जाए। प्रशासन की ओर से दोपहिया वाहनों में ₹100 से अधिक का पेट्रोल नहीं देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही बोतल में पेट्रोल बिक्री पर भी तत्काल रोक लगाने को कहा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि सीमित मात्रा में पेट्रोल देने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो ने कहा कि पेट्रोल टैंकरों के समय पर पहुंचने पर आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि टैंकरों के विलंब से पहुंचने के कारण कुछ समय के लिए परेशानी उत्पन्न हुई है, लेकिन स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
एसडीओ ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संयम बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल की आपूर्ति को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे।

इस दौरान कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल लेने की अपील की है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








