रविवार, 10 मई: “सड़क नहीं तो वोट नहीं” और “रेलवे प्रशासन होश में आओ” जैसे नारों के साथ आज गिरिडीह के सलैया और न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड की जर्जर हालत के खिलाफ जनाक्रोश सड़क पर उतर आया। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सांसदों और रेलवे पर अनदेखी का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने कोडरमा सांसद व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राजेश सिन्हा ने कहा, “रेलवे केंद्र का विषय है। दोनों सांसदों ने चाहा होता तो रेल मंत्री से बात कर अब तक सड़क बन गई होती। प्रतिनिधिमंडल दिल्ली तक गया, लेकिन सलैया स्टेशन की समस्याओं में किसी ने रुचि नहीं ली। नेता सिर्फ औपचारिकता निभाकर निकल जाते हैं।”
हादसों को न्योता दे रही हैं सड़कें
सड़कों की हालत पर चिंता जताते हुए वक्ताओं ने कहा:
- जर्जर सड़क के कारण आए दिन गाड़ियां पलट रही हैं और खराब हो रही हैं।
- स्कूल बसों और मालवाहक वाहनों का गुजरना दूभर हो गया है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
- ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन के विकास के जो वादे किए गए थे, वे अब तक कागजों तक ही सीमित हैं।
‘पार्टी से ऊपर क्षेत्र का विकास’
युवा नेता तुलसी राणा और कन्हैया खेतान ने दोटूक कहा कि रेलवे प्रशासन बिना आंदोलन के बात नहीं सुनता। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी दल के समर्थक हों, लेकिन जब बात क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं की हो, तो अपनी पार्टी से भी जवाब मांगें। इस दौरान सलैया स्टेशन का नाम बदलकर ‘पचंबा स्टेशन’ करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
आगामी रणनीति: घर-घर जाकर जोड़ेंगे ग्रामीणों को
अभय राम, दीपालोक और फुटबॉल रेफरी मनूवर ने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन तो सिर्फ एक सांकेतिक शुरुआत है। जल्द ही ग्रामीणों को एकजुट कर एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो रेल मंत्री तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी।
इस मौके पर निरंजन कुमार राय, सुनील कुमार, विक्रम कुमार, नकुल साहू, मुन्ना राम, गुड्डू कुमार, कृपालु पांडेय, छोटेलाल राणा, सुनील वर्मा समेत भारी संख्या में स्थानीय युवा और ग्रामीण मौजूद थे।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com










