मुरहू में दो दिवसीय सरना धर्म प्रार्थना सभा शुरू, भगवान सिंगबोंगा से सुख-शांति की कामना

मुरहू में दो दिवसीय सरना धर्म प्रार्थना सभा शुरू, भगवान सिंगबोंगा से सुख-शांति की कामना

Johar News Times
2 Min Read

मुरहू में सरना धर्म सोतो समिति, केंद्र डौगड़ा के तत्वावधान में शनिवार से दो दिवसीय सरना धर्म प्रार्थना सभा की शुरुआत हुई। धर्मगुरु बगरय ओड़ेया, भैयाराम ओड़ेया, बुधराम सिंह मुंडा और बिरसा कंडीर की अगुवाई में अनुयायियों ने सरना स्थल पर भगवान सिंगबोंगा की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए धर्मगुरु बगरय ओड़ेया ने कहा कि सरना विश्व का सबसे पुराना धर्म है और सामाजिक समानता व एकजुटता के बिना समृद्ध समाज की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने समाज से डाइन-बिसाई, अशिक्षा और ऊंच-नीच जैसी बुराइयों को खत्म करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि वंचितों, शोषितों और दीन-दुखियों के उत्थान से ही समाज में प्रेम, एकता और भाईचारा मजबूत होगा।

- Advertisement -
Ad image

वहीं मंगा ओड़ेया ने कहा कि भगवान सिंगबोंगा की स्तुति से मन और आत्मा में श्रद्धा उत्पन्न होती है तथा समाज में प्रेम और भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने समाज में मौजूद धार्मिक और सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने के लिए जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में मथुरा कंडीर, बुधराम सिंह मुंडा, सलीम मुंडा, किशुनराय मुंडा, जीतनाथ पहान, सुनिल ओड़ेया, मधियाना धान, जमुना मुंडू, बिरसिंह ओड़ेया, सुगना पहान, कोलाय ओड़ेया, बंटी ओड़ेया, टुटी ओड़ेया और नरनसिंह तोपनो समेत कई लोगों ने अपने विचार रखे। समारोह में खूंटी, मुरहू, बंदगांव, अड़की, कोचांग, बिरबंकी और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में सरना धर्मावलंबी शामिल हुए।

Share This Article