जमशेदपुर: सिदगोड़ा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, चोरी की गाड़ियों के साथ चार अपराधी गिरफ्तार

शहर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

Johar News Times
2 Min Read

शहर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान रंजीत दिवर (मानगो), शेखर प्रमाणिक (सिदगोड़ा), संतोष भुईया उर्फ गोलू (भुईयाडीह) और राज खान उर्फ आयुब अंसारी (सिदगोड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक होंडा एक्टिवा और एक सुजुकी स्कूटी बरामद की है।

इस सफलता की शुरुआत 06-07 मई 2026 की रात को हुई, जब सिदगोड़ा पुलिस की गश्ती टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। रात करीब 2:30 बजे एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर रंजीत और शेखर को दबोच लिया। जब इनसे गाड़ी के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागज पेश नहीं कर सके और पूछताछ में स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।

- Advertisement -
Ad image

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके दो अन्य साथी सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के पास एक खाली खंडहर क्वार्टर में चोरी की स्कूटी छिपाकर रखे हुए हैं और उनके पार्ट्स खोलकर बेचने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की और संतोष भुईया व राज खान को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से बरामद एक स्कूटी के कई हिस्से पहले ही खोले जा चुके थे। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article