धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जमुनिया नदी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के बीच बीसीसीएल प्रबंधन, बाघमारा पुलिस और CISF की टीम ने छापेमारी कर अवैध कोयला लदे एक ट्रक और एक मिनी हाइवा को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, बाघमारा क्षेत्र में जमुनिया नदी सहित आसपास के दर्जनभर स्थानों पर अवैध कोयला खनन का धंधा लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध खनन के कारण जमुनिया नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। नदी और जंगलों को बचाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने पहले ही आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
इसी बीच माटीगढ़ा डैम कॉलोनी स्थित एलपीजी गैस गोदाम के पास सड़क मार्ग पर गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों में अवैध कोयला लदा मिला। टीम को देखते ही वाहन चालकों ने भागने की कोशिश की। हालांकि मिनी हाइवा चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे CISF ने बाघमारा पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं ट्रक चालक अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। भागने के दौरान ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। बाद में क्रेन मशीन की मदद से वाहन को बाहर निकालने और थाना पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। बाघमारा थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि बीसीसीएल प्रबंधन और CISF की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे अवैध खनन के मामलों ने एक बार फिर कोयला तस्करी और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर प्रशासन की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।








