समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त (DC) श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीसी ने विभागवार लक्ष्यों की समीक्षा की और राजस्व संग्रहण में वृद्धि के लिए अधिकारियों को सख्त और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
परिवहन और खनन विभाग को कड़े निर्देश उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को अवैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने और मोटरयान अधिनियम के तहत वसूली में तेजी लाने को कहा। वहीं, जिला खनन पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि क्षेत्र भ्रमण बढ़ाएं और अवैध खनन व परिवहन पर पूरी तरह लगाम लगाएं ताकि राजस्व की हानि न हो।

बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति पर जोर बदलते मौसम और गर्मी को देखते हुए डीसी ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खराब लाइनों की मरम्मत तत्काल की जाए और शिकायतों का निपटारा कम से कम समय में हो। इसी तरह पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और गर्मी प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को नागरिक सुविधाओं पर ध्यान देने की हिदायत नगर विकास विभाग के पदाधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा उठाव और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। डीसी ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण अनिवार्य है।
अवैध गतिविधियों पर होगी कार्रवाई बैठक में अवैध शराब के निर्माण व बिक्री और बिजली चोरी जैसी गतिविधियों के खिलाफ संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अंत में सभी विभागों को ‘लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति’ अपनाने और राजस्व वसूली में पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी।
इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, एसडीओ चांडिल, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।










