14 May 2026 | News Bulletin | Johar News Times

Johar News Times
11 Min Read

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रस्तावित “मिडल ईस्ट-इंडिया डीप-वाटर पाइपलाइन (MEIDP)” परियोजना के तहत ओमान से गुजरात तक करीब 2000 किलोमीटर लंबी समुद्री गैस पाइपलाइन बिछाने की तैयारी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 40,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह पाइपलाइन समुद्र की 3450 मीटर गहराई तक बिछाई जा सकती है और इसके जरिए रोजाना करीब 31 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस की आपूर्ति संभव होगी। भारत फिलहाल LNG आयात के लिए काफी हद तक होर्मुज मार्ग पर निर्भर है। हालिया वैश्विक तनाव के कारण गैस कीमतों में भारी उछाल देखा गया था। ऐसे में यह परियोजना भारत को स्थिर और सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति देने में अहम भूमिका निभा सकती है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकारी खर्च में कटौती और संसाधन बचाने की अपील का असर अब कई राज्यों में दिखने लगा है। देश के 12 राज्यों में वीवीआईपी काफिलों को छोटा किया जा रहा है, वहीं कई जगह वर्क फ्रॉम होम और नो-कार डे जैसे फैसले लागू किए गए हैं। खुद पीएम मोदी भी हाल ही में केवल 2 गाड़ियों के काफिले के साथ नजर आए। त्रिपुरा में 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दिया गया है। आंध्र प्रदेश, गोवा, हरियाणा, राजस्थान और ओडिशा में मुख्यमंत्रियों ने अपने काफिलों में भारी कटौती की है। पंजाब में हर बुधवार अधिकारियों के लिए बिना चार पहिया वाहन का नियम लागू हुआ है। वहीं दिल्ली में मंत्री मेट्रो और ई-रिक्शा से कार्यक्रमों में पहुंचे। कई राज्यों में सरकारी खर्च कम करने और ईंधन बचाने के लिए नई नीतियां लागू की जा रही हैं।


Mamata Banerjee गुरुवार को चुनाव बाद हिंसा मामले की सुनवाई के दौरान Calcutta High Court पहुंचीं। काले गाउन और वकील की पोशाक में अदालत परिसर में उनकी मौजूदगी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। जानकारी के अनुसार, ममता बनर्जी सुबह करीब 11 बजे हाई कोर्ट पहुंचीं और चुनाव परिणामों के बाद हुई कथित हिंसा से जुड़ी जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहीं। यह मामला मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल और न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेन की खंडपीठ में सुना जा रहा है। बताया जा रहा है कि याचिका में पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में हुई हिंसा की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, ममता बनर्जी की अदालत में सक्रिय मौजूदगी को बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।


NEET-2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। अब तक महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा से कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। राजस्थान एसओजी के मुताबिक, लीक पेपर करीब 1000 छात्रों तक पहुंचा था। महाराष्ट्र से एक महिला ब्यूटीशियन समेत तीन लोग पकड़े गए हैं, जबकि राजस्थान में सीकर के कंसल्टेंसी संचालक और दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा से BAMS छात्र यश यादव को भी हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया है कि पेपर 10 से 15 लाख रुपये में बेचा गया।एजेंसियों के अनुसार, “क्वेश्चन बैंक” के नाम पर पेपर WhatsApp के जरिए वायरल किया गया था। इसमें शामिल करीब 150 सवाल हूबहू परीक्षा में आए। सीबीआई और एसओजी अब पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और मास्टरमाइंड की भूमिका की जांच कर रही हैं।


अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump चीन दौरे पर बीजिंग पहुंच गए हैं, जहां गुरुवार को उनकी मुलाकात चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होगी। ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, परमाणु नीति और वैश्विक तनाव जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक से पहले चीन ने ताइवान मुद्दे पर अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। शी जिनपिंग ने कहा कि ताइवान पर गलत कदम दोनों देशों के रिश्तों को “खतरनाक स्थिति” में पहुंचा सकता है। वहीं ट्रंप ने शी को “महान नेता” और “मित्र” बताते हुए बेहतर संबंधों की उम्मीद जताई। ट्रंप के साथ कई अमेरिकी कारोबारी नेता भी चीन पहुंचे हैं। इस यात्रा में व्यापार विवाद, परमाणु हथियार नियंत्रण और ईरान संकट जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। ट्रंप की यह चीन यात्रा 15 मई तक जारी रहेगी।


झारखंड में पेट्रोल-डीजल संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं, जबकि कई जगहों पर राशनिंग लागू कर सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है। सबसे खराब स्थिति जमशेदपुर की है, जहां 36 में से 32 पेट्रोल पंप ड्राई बताए गए हैं। राजधानी रांची में भी 241 में से 25 पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो चुका है। धनबाद के 27 पंपों पर भी आपूर्ति बंद है। सरायकेला, चाईबासा, लातेहार और खूंटी समेत कई जिलों में बाइक और कारों को सीमित पेट्रोल दिया जा रहा है। भारी वाहनों के लिए भी डीजल की सीमा तय कर दी गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि मांग के मुकाबले बहुत कम टैंकर मिल रहे हैं। जानकारों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने और सप्लाई घटने के कारण यह संकट गहराया है।


Jharkhand High Court ने झारखंड पुलिस में दारोगा से इंस्पेक्टर पद पर होने वाली प्रोन्नति प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। जस्टिस Deepak Roshan की एकल पीठ ने सीनियरिटी विवाद से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह अंतरिम आदेश जारी किया। मामला वर्ष 2017 की दारोगा बहाली से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि सीधी भर्ती से नियुक्त दारोगाओं की प्रक्रिया पहले पूरी हुई थी, लेकिन विभाग ने सीमित प्रतियोगिता परीक्षा से आए अधिकारियों को वरीयता सूची में ऊपर स्थान दे दिया। अदालत ने प्रथम दृष्टया सीनियरिटी निर्धारण में विसंगतियां मानते हुए अगला आदेश आने तक सभी प्रमोशन पर रोक लगा दी। मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई 2026 को होगी। कोर्ट के फैसले से कई पुलिस अधिकारियों की प्रोन्नति फिलहाल अटक गई है।


निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तीसरे चरण की शुरुआत कर दी है। इस महाअभियान के तहत झारखंड, दिल्ली और उत्तराखंड समेत देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। इस विशाल कार्य के लिए आयोग ने 3.94 लाख बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंटों (BLA) की भारी-भरकम फौज मैदान में उतारी है। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य पिछले दो दशकों में हुए जनसांख्यिकीय बदलावों को अपडेट करना है। इसके जरिए 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि मृत व्यक्तियों या अन्यत्र शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। मतदाता अपने विवरण में सुधार के लिए जन्म प्रमाणपत्र, 10वीं की मार्कशीट या [Aadhaar Redacted] जैसे मान्य दस्तावेजों का उपयोग कर सकते हैं। यह अभियान आने वाले चुनावों से पहले एक शुद्ध और त्रुटिरहित वोटर लिस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में आयोग का एक निर्णायक कदम है।


Dhanbad के सरायढेला थाना क्षेत्र में व्यवसायी रितेश अग्रवाल के घर पर अज्ञात अपराधियों द्वारा बम फेंके जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्टील गेट स्थित गुरु कृपा परिसर के पास की है, जहां होंडा शोरूम और रेसिंग सेंटर भी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, देर रात अपराधियों ने घर पर दो बम फेंके, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों बम फटे नहीं। सुबह घर के बाहर संदिग्ध बम पड़े मिलने के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी सूचना दी गई है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।


Jharkhand में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं से लोगों को राहत मिली है। राजधानी Ranchi में करीब 20 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने 15 और 16 मई को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, रांची, धनबाद, बोकारो, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
आप देख रहे थे जोहार न्यूज़ times..झारखंड, देश और दुनिया की ऐसी ही सभी बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और हमारे चैनल को लाइक और सब्सक्राइब करना न भूलें।


जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com

Share This Article