जमशेदपुर, चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टाटानगर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वंदे भारत ट्रेन में एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों ने वंदे भारत में सवार होने जा रही महिला यात्री सावित्री सिंकू के पर्स से नकद 6500 रुपये, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और एटीएम कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज चुरा लिए थे।
घटना के बाद आरपीएफ टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की और तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार महिलाओं को आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर राकेश मोहन एवं जीआरपी प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान कुसुम देवी और सोगा भुइंया के रूप में हुई है, जो टाटानगर स्टेशन क्षेत्र की रहने वाली खानाबदोश महिलाएं बताई जा रही हैं।









