घाटशिला कॉलेज के विस्तार को लेकर एक अलग कैंपस होना आवश्यक है। इसके लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने कोल्हान विश्वविद्यालय में जमा करवाया था। वहां से झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक को पत्र भेजकर विभागीय सहयोग की मांग की गई। तत्पश्चात निदेशक, उच्च शिक्षा द्वारा उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को घाटशिला कॉलेज के लिए अतिरिक्त 5 एकड़ भूमि चिन्हित करते हुए विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने संबंधी पत्र भेजा गया।
उक्त के आलोक में अपार उपायुक्त द्वारा अंचल अधिकारी, घाटशिला को 5 एकड़ भूमि चिन्हित करते हुए भूमि सत्यापन प्रतिवेदन उपलब्ध करवाने संबंधी पत्र भेजा गया। उसी पत्र को लेकर प्राचार्य डॉ आर के चौधरी मंगलवार को अंचल अधिकारी निशात अम्बर से उनके कार्यालय में मिले। प्राचार्य के साथ कॉलेज के वरीय शिक्षक डॉ एसपी सिंह, डॉ संदीप चंद्र एवं डॉ महेश्वर प्रमाणिक भी उपस्थित थे।
अंचल अधिकारी निशात अम्बर एवं वहां उपस्थित अंचल निरीक्षक लखिन्द्र मांझी के साथ प्राचार्य की हुई वार्ता में प्रथम दृष्टया घाटशिला कॉलेज के लिए बैतालपुर मौजा अंतर्गत हैंदलजोड़ी पंचायत में 5 एकड़ अतिरिक्त भूमि चिन्हित किया गया। प्राचार्य ने सीओ को बताया कि आने वाले समय में कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम इस कॉलेज में खोले जाएंगे। बी एड कोर्स भी चलाए जाएंगे।
इसके लिए अलग कैंपस का होना अति आवश्यक है। इसके साथ स्टाफ क्वार्टर के निर्माण की भी आवश्यकता है। अंचल अधिकारी के साथ अपने वार्ता में प्राचार्य डॉ चौधरी ने अंचल अधिकारी से 1975 में तत्कालीन बिहार के राज्यपाल सचिवालय द्वारा घाटशिला कॉलेज को लीज में मिले भूमि का सत्यापन करवा कर उक्त भूमि का लीज नवीकरण करवा देने का भी आग्रह किया।
इस पर अंचल अधिकारी ने अपनी सहमति व्यक्त करते हुए प्राचार्य से कहा कि वह इस प्रस्ताव को दोबारा कार्यालय में जमा करावा दिया जाए ताकि अग्रेतर कार्रवाई शीघ्र किया जा सके।










