चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: तस्करों से 6 नाबालिग बच्चियां रेस्क्यू, मानव तस्करी का प्रयास नाकाम

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार रात चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने तस्करी की आशंका में 6 नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू की गई बच्चियों की उम्र लगभग 14 से 16 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन्हें बहला-फुसलाकर और बेहतर भविष्य का झांसा देकर दूसरे राज्यों में ले जाया जा रहा था।

- Advertisement -
Ad image

यह कार्रवाई रांची की एक सामाजिक संस्था के सहयोग से रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम विभाग, चक्रधरपुर महिला थाना और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की संयुक्त टीम ने की। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

हालांकि, इस मामले में तस्करों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और उनकी तलाश जारी है। सभी बच्चियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और बाल कल्याण समिति के निर्देश पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि बच्चियों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है, ताकि उनका पुनर्वास और शिक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि ऐसे मामलों को समय रहते रोका जा सके।

Share This Article