उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। वीरभद्र रोड स्थित एक होटल की लिफ्ट अचानक पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के समय लिफ्ट में फरीदाबाद से घूमने आए 22 पत्रकार सवार थे। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फरीदाबाद के पत्रकारों का एक दल ऋषिकेश भ्रमण पर आया था और उसी होटल में ठहरा हुआ था। शुक्रवार रात भोजन के बाद सभी लोग लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट की वायर टूट गई और लिफ्ट सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी।
हादसे में वरुण कुमार, मनोज सूर्यवंशी, रुपेश कुमार, चेतन सिंह और जय प्रकाश समेत कई पत्रकार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक पत्रकार के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पत्रकारों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लिफ्ट की स्थिति को लेकर होटल स्टाफ कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने होटल प्रबंधन से लिफ्ट के रखरखाव और मेंटिनेंस से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और होटल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे के बाद पर्यटन स्थलों पर होटलों की सुरक्षा व्यवस्था और लिफ्ट मेंटिनेंस को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
