चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)।कराइकेला थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 नामजद और 10 अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई 19 मई 2026 को हुई मुठभेड़ के बाद की गई है।
नामजद आरोपियों में भाकपा-माओवादी संगठन का एक करोड़ का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश, मंगल सिंह सरदार, सालुका कायम, पिंकी, कोलेमुनी, सीता और बुड़ई बोदरा शामिल हैं। सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 19 मई को सुरक्षा बल कराइकेला और सोनुआ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में नक्सल विरोधी सर्च अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दुर्गादा गांव के पहाड़ी इलाके में नक्सलियों ने घात लगाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई।
करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। इस दौरान नक्सली घने जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए। प्राथमिकी में उल्लेख है कि मुठभेड़ में नक्सलियों की ओर से 50 से अधिक राउंड फायरिंग की गई, जबकि पुलिस बल ने भी जवाबी कार्रवाई की। घटना के बाद सर्च अभियान में मौके से दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।पश्चिमी सिंहभूम में पिछले कुछ समय से नक्सल विरोधी अभियान तेज किया गया है और इस दौरान कई बार मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार नक्सलियों की तलाश की जा रही है।
