कपाली हत्याकांड: जेल में बंद ‘सन्नू बच्चा’ ने रची थी तौसीफ की हत्या की साजिश! बंगाल के दीघा से एक शूटर गिरफ्तार, चापड़ बरामद

सरायकेला जेल में बैठकर सन्नू बच्चा ने तय की थी तौसीफ की मौत, पुलिस ने बंगाल के दीघा से शूटर को दबोचा।

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के चर्चित मोहम्मद तौसीफ उर्फ राज हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दीघा से दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। इस पूरे हत्याकांड के तार सरायकेला जेल से जुड़े होने की बात सामने आई है।

कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले डोबो ईंट भट्टा के समीप एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान जमशेदपुर के परसुडीह निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद तौसीफ उर्फ राज के रूप में की गई थी। तौसीफ की हत्या बेहद बेरहमी से धारदार हथियार से काटकर की गई थी।

तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी 30 वर्षीय जमील अहमद अंसारी को पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर जमील ने तौसीफ की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खूनी चापड़ बरामद किया गया।

बिना मोबाइल और बाइक के दिया वारदात को अंजाम: शातिर अपराधियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए इस हत्याकांड में मोबाइल फोन और अपनी बाइक का इस्तेमाल नहीं किया था। अपराधियों की इस चालाकी के कारण पुलिस को शुरुआत में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

पुलिस जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसके मुताबिक इस पूरे मर्डर की स्क्रिप्ट सरायकेला जेल के भीतर लिखी गई थी। कपाली का रहने वाला कुख्यात अपराधी सन्नू बच्चा, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं और जो फिलहाल सरायकेला मंडल कारा में बंद है, उसने ही आपसी दुश्मनी के कारण तौसीफ को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

गिरफ्तार आरोपी जमील अहमद अंसारी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अब मुख्य साजिशकर्ता सन्नू बच्चा को जेल से रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि सन्नू से आमने-सामने पूछताछ के बाद इस हत्याकांड में शामिल कुछ अन्य शूटरों और सफेदपोशों के नामों का खुलासा हो सकता है।

Share This Article