जमशेदपुर पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने और बड़ी आपराधिक साजिश रचने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के करीबी सहयोगी शेंकी गोहिल को गिरफ्तार किया है। जुगसलाई पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में कई अहम खुलासे हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी पर जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है।
बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घाघीडीह जेल में बंद कुख्यात अपराधी मनीष सिंह अपने सहयोगियों के जरिए शहर में दहशत फैलाने, अवैध उगाही करने और हत्या की साजिश रच रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित न्यू डीएस फ्लैट से गिरोह के सक्रिय सदस्य शेंकी गोहिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में शेंकी गोहिल ने स्वीकार किया कि वह मनीष सिंह गिरोह का अहम सदस्य है। वह गिरोह की आपराधिक गतिविधियों में सहयोग करने के साथ-साथ अवैध उगाही से होने वाली कमाई का हिसाब-किताब भी संभालता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह हत्या की साजिश पर काम कर रहा था, हालांकि पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि किस व्यक्ति को निशाना बनाने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपी के पास से 15 ब्लैंक चेक भी बरामद किए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन चेकों का इस्तेमाल उगाही या अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था या नहीं।
सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि शहर में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।










