IPL 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अब खेल के मैदान के साथ-साथ अकादमिक जगत में भी छाने वाले हैं। टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 72 छक्के और 776 रन बनाकर क्रिकेट जगत को हैरान करने वाले इस युवा बल्लेबाज पर अब इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट इंदौर शोध करने जा रहा है। संस्थान वैभव के शानदार प्रदर्शन, उनकी मानसिक दृढ़ता और सफलता के पीछे के कारकों पर देश की पहली बहु-विषयक केस स्टडी तैयार करेगा।
प्रतिभा के साथ-साथ मानसिक और पारिवारिक कारकों पर होगा अध्ययन
IIM इंदौर के निदेशक हिमांशु राय ने बताया कि इस विशेष अध्ययन में खेल, मनोविज्ञान और प्रबंधन क्षेत्र के विशेषज्ञ एक साथ मिलकर काम करेंगे। शोध का मुख्य उद्देश्य यह समझना है कि इतनी कम उम्र में वैभव जैसी असाधारण सफलता हासिल करने के पीछे कौन से सामाजिक, पारिवारिक, मानसिक और संस्थागत कारक रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल प्रतिभा ही काफी नहीं होती; परिवार का त्याग, कड़ी मेहनत, सही गाइडेंस और एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम ही किसी खिलाड़ी को इस मुकाम तक पहुंचाता है।
0.3 सेकेंड में निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता
इस केस स्टडी में वैभव के खेल कौशल, मैदान पर त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और भारी दबाव के बीच उनके प्रदर्शन का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा। क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार, गेंदबाज़ के हाथ से गेंद छूटने के बाद महज 0.3 सेकेंड में शॉट खेलने का निर्णय लेने की क्षमता ही वैभव को दुनिया के अन्य बल्लेबाजों से अलग और खास बनाती है।
वैभव की इस तकनीक और बल्लेबाजी को निखारने में उनके बचपन के कोच मनीष ओझा और राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक जुबिन भरूचा की अहम भूमिका रही है, जिसका विश्लेषण भी इस शोध का हिस्सा होगा।
करोड़ों के ऑफर और फेम को संभालने का बनेगा मॉडल
IIM निदेशक ने बताया कि इस शोध का एक बेहद महत्वपूर्ण पहलू यह भी होगा कि इतनी कम उम्र में मिलने वाली भारी-भरकम प्रसिद्धि, करोड़ों रुपये के कॉर्पोरेट ऑफर्स और सोशल मीडिया के दबाव को एक युवा खिलाड़ी कैसे संभालता है। इस अध्ययन का अंतिम उद्देश्य एक ऐसा ‘टैलेंट मैनेजमेंट मॉडल’ विकसित करना है, जिससे भविष्य की युवा प्रतिभाओं को लंबे समय तक करियर में सफल बनाए रखने की रणनीति तैयार की जा सके। यह मॉडल न केवल खेल जगत बल्कि कॉर्पोरेट सेक्टर के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
IPL 2026 में वैभव का जलवा
आपको बता दें कि IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने न सिर्फ सबसे ज्यादा 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की, बल्कि सीजन में कुल पांच बड़े पुरस्कार भी जीते, जिनमें शामिल हैं:
- मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर
- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन
- मोस्ट सिक्सेज अवॉर्ड (72 छक्के)
