सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक तथा खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना चौका थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित एक ढाबा के समीप हुई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही हाइवा (संख्या JH05AN4390) अनियंत्रित होकर सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद हाइवा के केबिन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए Chandil Hospital भेज दिया है। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस वाहन को जब्त कर मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। एनएच-33 पर सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
