GT vs SRH : रबाडा-होल्डर की घातक गेंदबाजी से हैदराबाद ढेर, गुजरात टाइटंस बनी पॉइंट्स टेबल की नई बादशाह

GT vs SRH : रबाडा-होल्डर की घातक गेंदबाजी से हैदराबाद ढेर, गुजरात टाइटंस बनी पॉइंट्स टेबल की नई बादशाह

Johar News Times
2 Min Read

आईपीएल में मंगलवार को खेले गए अहम मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात के गेंदबाजों ने पूरी तरह दबदबा बनाते हुए हैदराबाद की टीम को 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर समेट दिया। 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में ट्रेविस हेड को आउट कर टीम पर दबाव बना दिया। इसके बाद कागीसो रबाडा ने घातक गेंदबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और स्मरण को पवेलियन भेज दिया। रबाडा ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन अहम विकेट झटके और हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

रबाडा के बाद जैसन होल्डर ने मिडिल और लोअर ऑर्डर को पूरी तरह बिखेर दिया। होल्डर ने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने भी अहम विकेट लेकर गुजरात की जीत को एकतरफा बना दिया। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 168 रन बनाए। मुश्किल पिच पर साई सुदर्शन ने 61 रन की संयमित पारी खेली, जबकि वॉशिंग्टन सुन्दर ने 50 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी ने गुजरात को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

गुजरात की शुरुआत धीमी रही और टीम शुरुआती छह ओवर में केवल 34 रन ही बना सकी। हालांकि साई सुदर्शन और सुंदर ने धैर्य और समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला और टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस के 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं। टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्थान पर खिसक गई है।

Share This Article