उत्पाद सिपाही परीक्षा: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए धनबाद रेल मंडल ने चलाईं छह स्पेशल ट्रेनें

उत्पाद सिपाही परीक्षा: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए धनबाद रेल मंडल ने चलाईं छह स्पेशल ट्रेनें

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद, झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के मद्देनजर धनबाद रेल मंडल ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष पहल करते हुए छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया। रविवार को आयोजित लिखित परीक्षा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिली।

राज्य के आठ जिलों में आयोजित इस परीक्षा के लिए धनबाद में 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में शामिल होने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। कई परीक्षार्थियों को धनबाद रेलवे स्टेशन के बाहर खुले में रात बितानी पड़ी।

- Advertisement -
Ad image

रेलवे द्वारा चलाई गई ये स्पेशल ट्रेनें मुख्य रूप से धनबाद से पटना, गया, रांची और आसनसोल रूट पर संचालित की गईं। अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन से अभ्यर्थियों को अंतिम समय में सीट और यात्रा से जुड़ी समस्याओं से काफी राहत मिली।

परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए स्टेशनों पर भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। वाणिज्य निरीक्षक, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के जवान तैनात रहे। ट्रेनों की सही लोकेशन और समय की जानकारी के लिए लगातार अनाउंसमेंट किया जाता रहा। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई।

Share This Article