11 महीने बाद भी प्रमोटेड DSP को नहीं मिली पोस्टिंग, कई अधिकारी बिना लाभ के हुए रिटायर

11 महीने बाद भी प्रमोटेड DSP को नहीं मिली पोस्टिंग, कई अधिकारी बिना लाभ के हुए रिटायर

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड पुलिस में इंस्पेक्टर से डीएसपी पद पर प्रोन्नत अधिकारियों में लंबे समय से पदस्थापन नहीं होने को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार ने 25 जून 2025 को 64 इंस्पेक्टरों को डीएसपी रैंक में प्रोन्नति दी थी, लेकिन करीब 11 महीने बाद भी अधिकांश अधिकारियों की पोस्टिंग नहीं हो सकी है।

स्थिति यह है कि प्रोन्नत अधिकारियों में से 6 अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि 2 अन्य अधिकारी इसी महीने रिटायर होने वाले हैं। प्रोन्नति अधिसूचना में स्पष्ट उल्लेख था कि डीएसपी रैंक से संबंधित लाभ पदस्थापन की तिथि से ही मिलेगा। ऐसे में पोस्टिंग नहीं होने के कारण अधिकारी वेतन, भत्ता और अन्य सुविधाओं से वंचित हैं।

- Advertisement -
Ad image

प्रोन्नत अधिकारियों ने कई बार अपने वरीय अधिकारियों और गृह सचिव से पदस्थापन की मांग की, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला। 31 मई को रिटायर होने वाले अधिकारियों में अजय कुमार और सुधीर प्रसाद साहू शामिल हैं।

इससे पहले इंस्पेक्टर अजय कुमार और विजय कुमार को सेवानिवृत्ति से सिर्फ 5 दिन पहले विशेष शाखा में डीएसपी पद पर पदस्थापित किया गया था। वहीं 31 जनवरी को रिटायर हुए चार अधिकारियों—शैलेश प्रसाद, अखिलेश्वर प्रसाद मंडल, सरोज कुमार सिंह और विनोद उरांव को भी रिटायरमेंट से महज 2 दिन पहले विशेष शाखा में पोस्टिंग दी गई थी।

इन अधिकारियों का औपचारिक पदस्थापन इसलिए किया गया ताकि उन्हें सेवानिवृत्ति के समय डीएसपी संवर्ग से मिलने वाले लाभ मिल सकें। अब बाकी प्रोन्नत अधिकारी भी जल्द पदस्थापन की मांग कर रहे हैं।

Share This Article