गुवा में विस्थापितों की गुहार: 500 परिवार अब भी पुनर्वास से वंचित, डीसी से लगाई मदद की अपील

गुवा में विस्थापितों की गुहार: 500 परिवार अब भी पुनर्वास से वंचित, डीसी से लगाई मदद की अपील

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र के विस्थापित परिवारों ने पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने एडीसी प्रवीण केरकेट्टा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विस्थापितों ने बताया कि गुवा सेल क्षेत्र के नोवामुंडी प्रखंड में खदान विस्तार के तहत ग्राम रामनगर डीपासाई, नानक नगर, पुट साइडिंग और जाटा हाटिंग पंचायत (गुवा पूर्वी-पश्चिमी) के निवासियों को अन्यत्र बसाने की योजना बनाई गई है। हालांकि, अब तक केवल 184 परिवारों का ही पुनर्वास किया गया है, जबकि करीब 500 परिवार अब भी सूची से बाहर हैं। विस्थापितों ने मांग की है कि छूटे हुए परिवारों का पुनः सर्वे कर सरकारी नियमानुसार पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए और तब तक विस्थापन प्रक्रिया को आगे न बढ़ाया जाए।

- Advertisement -
Ad image

मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी विस्थापितों ने कई मांगें रखी हैं। उन्होंने एक कमरा, हॉल, किचन और शौचालय-बाथरूम युक्त आवास, सामुदायिक भवन, नियमित साफ-सफाई के लिए कर्मियों की नियुक्ति, बिजली-पानी की सुविधा, बच्चों के लिए सुरक्षित स्कूल बस सेवा और पूजा-पाठ के लिए मंदिर की व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि वे बिजली-पानी का किराया देने को तैयार हैं, लेकिन सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

विस्थापित परिवारों के अनुसार, नई जगह पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने प्रशासन और सेल प्रबंधन से जल्द समाधान की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में विनय कुमार प्रसाद, राजा बिहारी, धर्मेंद्र रजक और रोहित कुमार सिंह शामिल थे। उपायुक्त ने एडीसी को निर्देश दिया है कि वे सेल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर विस्थापितों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

Share This Article