चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तीनों चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिली थी कि गुदड़ी क्षेत्र से अवैध रूप से बालू उत्खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से सोनुवा लाया जा रहा है। इसके बाद थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोइलकेरा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग स्थित राघोई गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालकों में अफरा-तफरी मच गई और वे ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने मौके से बालू लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर सोनुवा थाना पहुंचाया। अब चालकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। मामले में अवैध खनन और बालू परिवहन से संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा आवश्यक प्रक्रिया के तहत खनन विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोइलकेरा और गुदड़ी क्षेत्र की नदियों से लंबे समय से अवैध बालू खनन किया जा रहा था। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं अनियंत्रित खनन के कारण पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने कहा कि अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
