झारखंड में बस यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना होगा। हजारीबाग जिला बस ओनर्स एसोसिएशन ने परिवहन संचालन की बढ़ती लागत का हवाला देते हुए बस किराये में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि की है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। बस संचालकों का कहना है कि डीजल, टोल टैक्स, वाहन बीमा, टायर, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव खर्च में लगातार वृद्धि के कारण पुराने किराये पर बसों का संचालन कठिन होता जा रहा था। इसी वजह से किराया संशोधित करने का निर्णय लिया गया है।
हजारीबाग से प्रमुख रूटों का नया किराया
नई दरों के अनुसार हजारीबाग से बरही का किराया 85 रुपये, कोडरमा स्टेशन का 140 रुपये और कोडरमा का 150 रुपये निर्धारित किया गया है। रांची, देवघर तथा सिमरिया-इटखोरी-गिद्धौर रूट के लिए अब 420 रुपये किराया देना होगा। वहीं भागलपुर जाने वाले यात्रियों को 600 रुपये चुकाने होंगे।
अन्य रूटों पर भी बढ़ी दरें
संशोधित सूची के अनुसार राजधनवार और खोरीमहुआ का किराया 240 रुपये, तिसरी और मंड़रो का 300 रुपये, चतरो का 310 रुपये तथा गावां और चकाई का 360 रुपये तय किया गया है। इसके अलावा रांची से देवघर का किराया 550 रुपये और मरकच्चो से रांची का किराया 350 रुपये निर्धारित किया गया है।
छात्रों और नौकरीपेशा लोगों पर बढ़ेगा बोझ
किराये में वृद्धि का सबसे अधिक असर रोजाना बस से सफर करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। नियमित यात्रा करने वालों के मासिक परिवहन खर्च में बढ़ोतरी होगी, जिससे उनके बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
बढ़ती लागत को बताया वजह
बस मालिकों का कहना है कि परिचालन लागत लगातार बढ़ रही है और समय-समय पर किराया संशोधित नहीं किया गया तो कई रूटों पर बस संचालन प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए यह फैसला लिया गया है। एसोसिएशन ने यात्रियों से नई दरों के अनुसार किराया भुगतान करने की अपील की है। किराये में बढ़ोतरी के बाद राज्य के कई रूटों पर बस यात्रा पहले की तुलना में महंगी हो गई है।
