जमशेदपुर/रांची: पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान उन्होंने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात व्यवस्था तथा शहरी आधारभूत संरचना से संबंधित समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही मानगो और जमशेदपुर पश्चिम क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि बढ़ती आबादी के अनुरूप क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े मामलों के समाधान और जमशेदपुर पश्चिम के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुलाकात के बाद बन्ना गुप्ता ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के सकारात्मक हस्तक्षेप से लंबित समस्याओं का समाधान होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
