धमकी से डरी रही पीड़िता, तबीयत बिगड़ने पर परिवार को बताई आपबीती,
चाईबासा के झींकपानी थाना क्षेत्र अंतर्गत मडकमहातु गांव में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने गांव के ही तीन युवकों पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना करीब 10 दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन आरोपियों की धमकी और डर के कारण मामला अब जाकर पुलिस तक पहुंच पाया।
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार घटना उस समय हुई, जब युवती घर में अकेली थी और सुबह घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान गांव के तीन युवक कथित रूप से घर में घुस आए और जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और किसी को घटना बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
डर और मानसिक तनाव के कारण पीड़िता कई दिनों तक चुप रही। हालांकि कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों ने जब लगातार पूछताछ की, तब उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन युवती को लेकर झींकपानी थाना पहुंचे और तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










