नोवामुंडी में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, ओवरब्रिज व रेलवे फाटक के नीचे से हटाए गए अवैध ठिकाने

नोवामुंडी में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, ओवरब्रिज व रेलवे फाटक के नीचे से हटाए गए अवैध ठिकाने

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी बाजार मुख्य चौक, रेलवे फाटक और ओवरब्रिज के नीचे लंबे समय से फैले अतिक्रमण, अवैध रैन बसेरों, अड्डेबाजी और अनियंत्रित पार्किंग के खिलाफ बुधवार सुबह प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि स्थानीय लोगों, महिलाओं और छात्राओं ने इसे राहतभरी कार्रवाई बताया है। यह मुद्दा हाल ही में हुई शांति समिति की बैठक में प्रमुखता से उठाया गया था, जहां स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की थी कि ओवरब्रिज और रेलवे फाटक के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। आरोप था कि यहां शराब सेवन, नशाखोरी, गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं आम हो गई थीं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही थी। विशेष रूप से ओवरब्रिज के पीलर नंबर 18-19 के आसपास स्थिति अधिक गंभीर बताई गई, जहां अस्थायी झुग्गी-झोपड़ी और डेरा बने हुए थे।

थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने रेलवे फाटक नंबर 10-11 से अभियान की शुरुआत की। इसके बाद ओवरब्रिज और फ्लाईओवर के नीचे बने सभी अवैध रैन बसेरों और कब्जों को हटाया गया। प्रशासन ने वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित रूप से वाहन उपलब्ध कराकर उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम जरूरी था, लेकिन उन्होंने यह भी मांग की कि केवल रैन बसेरा हटाने तक कार्रवाई सीमित न रहे। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अवैध दुकानें लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों पर भी समान रूप से सख्ती होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार ओवरब्रिज के नीचे खाली स्थान को मूल रूप से पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसे स्थायी पार्किंग की तरह उपयोग किया जा रहा है। कई वाहन दिनभर वहीं खड़े रहते हैं, जिससे बाजार आने वाले लोगों को परेशानी होती है। रविवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट के दिन यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब सड़क किनारे दुकानें लगने से यातायात बाधित हो जाता है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण, नशाखोरी, अवैध कब्जा और यातायात बाधित करने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि इस तरह की अव्यवस्था के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article