शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी के सामने पेश हुए अभिषेक बनर्जी, स्कूल नौकरी घोटाले में पूछताछ जारी

शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी के सामने पेश हुए अभिषेक बनर्जी, स्कूल नौकरी घोटाले में पूछताछ जारी

Johar News Times
2 Min Read

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बर्नजी सोमवार को पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। वह निर्धारित समय से पहले सुबह करीब 11 बजे साल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। हालांकि कार्यालय के बाहर मौजूद मीडिया के सवालों का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस बार ईडी कार्यालय परिसर का माहौल सामान्य रहा। अभिषेक बनर्जी की पिछली पेशियों के दौरान जहां भारी सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया की आवाजाही पर पाबंदियां और साल्ट लेक इलाके में व्यापक ट्रैफिक नियंत्रण देखने को मिलता था, वहीं सोमवार को अतिरिक्त पुलिस बल या केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कोई विशेष तैनाती नहीं की गई।

स्कूल भर्ती घोटाले की जांच कर रही सीबीआई और ईडी दोनों ने अपनी-अपनी चार्जशीट में अभिषेक बनर्जी का नाम शामिल किया है, हालांकि जांच एजेंसियों ने अब तक उन्हें मामले में औपचारिक रूप से आरोपी नहीं बनाया है। ईडी की जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है, जिसमें अभिषेक बनर्जी पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रह चुके हैं। एजेंसी कथित वित्तीय लेनदेन और धनशोधन के पहलुओं की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच की शुरुआत पूर्व न्यायाधीश और वर्तमान भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय के आदेशों के बाद हुई थी। बाद में मामले में कथित धनशोधन की जांच के लिए ईडी भी शामिल हुई और अलग से जांच शुरू की गई। फिलहाल ईडी अभिषेक बनर्जी से मामले के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

Share This Article