जमशेदपुर में सजी योग प्रतिभाओं की महफिल: रांची की प्रियांशु और देवघर के गौतम बने ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’, विजेताओं को मिले पुरस्कार

जमशेदपुर में योग का महाकुंभ: रांची की प्रियांशु और देवघर के गौतम ने जीता 'चैंपियन ऑफ चैंपियंस' का खिताब।

Johar News Times
2 Min Read

लौहनगरी के कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन स्कूल सभागार में आयोजित ‘तृतीय झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप’ का रविवार को भव्य समापन हो गया। वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स और सरकार योगा एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभागियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इस चैंपियनशिप का सबसे बड़ा आकर्षण ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ का मुकाबला रहा। इसमें रांची की प्रियांशु कुमारी और देवघर के गौतम कुमार ने अपने अद्भुत और कठिन आसनों का प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

“पारंपरिक अभ्यास से आगे बढ़कर कॉम्पिटिटिव स्पोर्ट्स बना योग”

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जेएफसी के पूर्व सीईओ मुकुल चौधरी मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत घोष शामिल हुए। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि मुकुल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा,

“योगासना अब केवल सुबह के पारंपरिक अभ्यास तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह तेजी से एक ग्लोबल और प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।”

5 से 60 वर्ष तक के योगियों का दिखा जलवा

प्रतियोगिता को और अधिक समावेशी बनाने के लिए 5 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए कुल 12 ग्रुप बनाए गए थे। इनमें दिव्यांग बच्चों के लिए बनाई गई ‘स्टार कैटेगरी’ और गृहणियों/महिलाओं के लिए ‘मॉम्स कैटेगरी’ ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन अंतरराष्ट्रीय योगगुरु अंशु सरकार और स्मिकी सरकार ने किया। वहीं, निष्पक्ष फैसले के लिए पश्चिम बंगाल से आए प्रसाद नंदी मुख्य निर्णायक और गौरांग सरकार मुख्य पर्यवेक्षक की भूमिका में रहे।

Share This Article