साकची में गैस रिसाव से टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर में भीषण आग: रसोई से उठी लपटों ने घर को घेरा, लाखों का सामान खाक

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के स्ट्रेट माइल रोड पर रविवार दोपहर एक बड़ी आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। टाटा स्टील कर्मचारी आसिफ अली के क्वार्टर नंबर 98 में रसोई गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि घर में रखा फ्रिज, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

किचन से उठी लपटें, मची अफरा-तफरी घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि किचन में खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव हुआ और आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें और धुआं देख परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए सुरक्षित बाहर निकले। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से बेडरूम तक फैल गई।

- Advertisement -
Ad image

दमकल कर्मियों की सूझबूझ से टला बड़ा धमाका सूचना मिलते ही टाटा स्टील फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए जलते हुए गैस सिलेंडर को घर से बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से टल गया। यदि सिलेंडर फट जाता, तो आसपास के सटे हुए क्वार्टरों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था। काफी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।

लाखों की संपत्ति का नुकसान पीड़ित गृहस्वामी आसिफ अली के अनुसार, इस अग्निकांड में घर के अंदर रखा फ्रिज, गद्दे, कपड़े और घरेलू जरूरत का लगभग सारा सामान जल गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते आग को बुझा लिया गया।


हर अपडेट के लिए जुड़े रहें — हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image
Share This Article