जिले के परौर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक प्रेमी जोड़े के शव पेड़ से लटके हुए मिले। मृतकों की पहचान कुबेरपुर गांव निवासी 19 वर्षीय सोवेंद्र और उसी गांव की 19 वर्षीय युवती के रूप में हुई है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, खासकर इसलिए क्योंकि युवती की शादी अगले ही दिन, 7 मई को तय थी।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और दोनों परिवारों के सदस्य एकत्र हो गए, जिससे माहौल बेहद भावुक और तनावपूर्ण हो गया।
शादी से एक दिन पहले उठाया कदम
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन युवती के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। 7 मई को बारात आने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि युवती इस विवाह के लिए तैयार नहीं थी और अपने प्रेमी सोवेंद्र से ही शादी करना चाहती थी। इसी तनाव और हालात से परेशान होकर दोनों ने गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।










