आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर रनों की बारिश करते हुए पंजाब किंग्स को 33 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल के शीर्ष पर पहुंच गई है, वहीं पंजाब की टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई है।
235 रनों का पहाड़
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत आक्रामक रही। ‘ट्रेविशेक’ की जोड़ी ने आते ही पंजाब के गेंदबाजों को रिमांड पर लिया।
- अभिषेक शर्मा: 13 गेंदों में 35 रन
- ट्रेविस हेड: 19 गेंदों में 38 रन
शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन (55 रन, 32 गेंद) और हेनरिक क्लासेन (69 रन, 43 गेंद) ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 88 रनों की साझेदारी ने पंजाब को मैच से बाहर कर दिया। अंत में नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 29 रन जोड़कर टीम का स्कोर 235/4 तक पहुँचाया।
पंजाब की खराब फील्डिंग बनी विलेन
पंजाब किंग्स के लिए फील्डिंग किसी बुरे सपने जैसी रही। टीम ने मैच के दौरान कई आसान कैच टपकाए और स्टंपिंग के मौके गंवाए। क्लासेन और किशन जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को मिले जीवनदान का खामियाजा पंजाब को भारी स्कोर के रूप में भुगतना पड़ा। युजवेंद्र चहल ने किफायती गेंदबाजी की कोशिश की लेकिन फील्डर्स का साथ न मिलने से वे बेबस नजर आए।
कूपर कोनोली का ऐतिहासिक शतक भी नहीं आया काम
236 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान श्रेयस अय्यर (5) समेत शीर्ष क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। पावरप्ले के बाद स्कोर 57/3 था। हालांकि, कूपर कोनोली ने अकेले दम पर संघर्ष जारी रखा और महज 59 गेंदों में नाबाद 107 रन की जादुई शतकीय पारी खेली। कोनोली की इस पारी ने पंजाब की हार के अंतर को कम किया और नेट रन रेट सुधारा, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी।










