उपायुक्त रवि आनंद के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी की साजिश, प्रशासन सतर्क

Johar News Times
2 Min Read

जिले में उपायुक्त रवि आनंद के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को ठगने की साजिश का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन के संज्ञान में यह गंभीर प्रकरण आने के बाद हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उपायुक्त की तस्वीरों का गलत उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आईडी पूरी तरह फर्जी है और इसका उपायुक्त रवि आनंद या जिला प्रशासन से किसी प्रकार का कोई संबंध नहीं है।

- Advertisement -
Ad image

प्रशासन ने इस घटना को साइबर अपराध की श्रेणी में रखते हुए कहा है कि इस तरह की हरकतें न केवल भ्रामक हैं, बल्कि आम लोगों को ठगी का शिकार बनाने की सुनियोजित साजिश भी हो सकती हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने साइबर सेल और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफार्म को सूचना दे दी है, ताकि जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जा सके और फर्जी आईडी को हटाया जा सके।

उपायुक्त रवि आनंद ने भी नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई फर्जी प्रोफाइल लोगों का भरोसा जीतकर उन्हें गुमराह करने का प्रयास करती हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध अकाउंट पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच अवश्य करें।

उन्होंने लोगों से अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, अपनी निजी जानकारी साझा न करने और साइबर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने अपील की है कि यदि किसी को ऐसी कोई फर्जी आईडी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत जिला प्रशासन या नजदीकी साइबर थाना को सूचित करें।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article