घाटशिला में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति पर मायके वालों का हमला; एमजीएम रेफर

घाटशिला में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति पर मायके वालों का हमला; एमजीएम रेफर

Johar News Times
3 Min Read

पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र अंतर्गत बांकी पंचायत के पुखुरिया गांव स्थित जानुमडीह टोला में शनिवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रविवार शाम सामने आई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय साकरो मुर्मू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति संग्राम मुर्मू बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि संग्राम मुर्मू ने डंडे से हमला कर पत्नी की जान ले ली। घटना के बाद रविवार सुबह तक इसकी जानकारी किसी को नहीं दी गई।

- Advertisement -
Ad image

रविवार शाम जब मृतका के मायके वाले जानुमडीह टोला पहुंचे, तो उन्होंने आक्रोशित होकर आरोपी संग्राम मुर्मू पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि शनिवार शाम हुई इस हत्या की जानकारी पुलिस को रविवार शाम तक नहीं हो सकी। जब मायके पक्ष द्वारा आरोपी पर हमला किया गया, तब जाकर पुलिस को घटना की सूचना मिली। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची थी।

आरोपी संग्राम मुर्मू ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि शनिवार रात वह और उसकी पत्नी दोनों नशे में थे और किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके अनुसार, वह घर के अंदर सो गया था जबकि पत्नी बाहर थी। रात में पत्नी ने पानी मांगा, लेकिन गुस्से में उसने पानी नहीं दिया। सुबह उठकर देखा तो पत्नी बाहर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसने हत्या से इनकार किया है। आरोपी ने यह भी बताया कि रविवार शाम उसके ससुर मंगल टुडू, साला प्रभात टुडू, जेठा ससुर मुचिराम टुडू, श्यामू टुडू, समीर सोरेन और लालमोहन मार्डी समेत अन्य लोगों ने उस पर जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस संबंध में डॉक्टरों का कहना है कि संग्राम मुर्मू को शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं और स्थिति गंभीर है, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मृतका अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article