सरायकेला : जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में शुक्रवार शाम करीब 1:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली की कड़कड़ाहट और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक चली बारिश और तेज गर्जन से जनजीवन पूरी तरह ठहर गया।
काल वैशाखी का चौथा दिन: ग्रामीण इलाकों में लगातार यह चौथा दिन है जब काल वैशाखी की वजह से बारिश हो रही है। तेज हवा के साथ बारिश से खेतों में काम कर रहे मजदूर और दैनिक कामकाज करने वाले लोगों को भारी परेशानी हुई। कई जगह पेड़ की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं।
देहाती मजदूरों की बढ़ी मुश्किल, रोज कमाने-खाने वाले मजदूरों के लिए लगातार बारिश मुसीबत बन गई है। निर्माण कार्य, ईंट-भट्ठा और खेतों में काम बंद होने से उनकी दिहाड़ी मारी जा रही है। सरायकेला, गम्हरिया, राजनगर और कुचाई में बारिश का असर ज्यादा दिखा।
दिनभर 40 डिग्री के पार चल रहे तापमान के बाद शाम की बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका से बाजारों में सन्नाटा पसर गया। दिनभर की चहल-पहल थम गई।
आंधी-बारिश के कारण कई जगह बिजली के तार टूट गए। सरायकेला शहरी और ग्रामीण इलाकों में करीब 2 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग की टीम फॉल्ट ठीक करने में जुटी है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। किसानों को खुले में रखे अनाज को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।











