सरायकेला |
ईचागढ़ प्रखंड के हाड़ात गांव में हाथी हमले में मृत मां-बेटी के परिजनों से मिलने मंगलवार को विधायक सविता महतो पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

विधायक ने मृतका चाइना देवी के पति और घायल मोहनलाल महतो के परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना। इस दौरान घायलों के इलाज के लिए एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई, साथ ही राशन और आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि शनिवार सुबह हाथियों के झुंड ने गांव में हमला कर चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता बाला की जान ले ली थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
विधायक ने मृतका के 9 वर्षीय बेटे के आवासीय विद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कराने की बात कही। साथ ही वन विभाग को क्षतिग्रस्त घरों की जल्द मरम्मत और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रशासन को क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की।










